नई दिल्ली – आम आदमी पार्टी विधायकों द्वारा दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खास सलाह दी है। उन्होंने केजरीवाल से अफसरों के साथ मिलकर काम करने को कहा है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस द्वारा सीएम आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद ममता ने केजरीवाल से बात की थी। उन्होंने केजरीवाल से कहा कि अफसरों के साथ मिलकर अच्छे से काम करना चाहिए और हमेशा उनको अपनी तरफ रखना चाहिए। इससे फायदा उन्हें ही होगा नहीं तो दूसरे दल इसका फायदा उठा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक ममता ने केजरीवाल को सलाह दी थी कि इस मामले को ज्यादा बढ़ाने से बेहतर है कि अधिकारियों के साथ बैठकर बातचीत के जरिए इसे सुलझाया जाए। वहीं जब मुख्य सचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया था तब भी तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस बारे में कोई बयान नहीं आया था।













