चंडीगढ़ – सेक्टर-42 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज के हॉस्टल में बीसीए सेकेंड ईयर की छात्रा ने रविवार शाम कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे गुस्साए छात्रा के परिजनों ने सोमवार को कालेज में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। उनका आरोप था कि छात्रा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसके लिए कॉलेज के प्रिंसिपल और हॉस्टल के वार्डन सीधे जिम्मेदार है, इसलिए दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। सूत्रों के मुताबिक कॉलेज प्रशासन ने कथित तौर पर सुबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी हटवाने शुरू कर दिया। इसको लेकर परिजनों का गुस्सा और भड़क उठा। इसके बाद उन्होंने कॉलेज कैंपस में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उग्र परिजनों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे नहीं माने और उनके साथ भी धक्का मुक्की की। फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में जवान मौके पर मौजूद हैं, लेकिन तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिजनों के भारी हंगामे और विवाद को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने पहली मार्च तक कॉलेज बंद कर दिया है। गवर्नमेंट कॉलेज के हॉस्टल में रविवार को सहेली ने जब छात्रा अंबाला निवासी 21 वर्षीय भावना को फंदे से लटकता देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी।













