अहमदाबाद/सूरत – राजपूत संगठनों के विरोध के बीच फिल्म पद्मावत गुरुवार को करीब सात हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। लेकिन गुजरात सहित मध्यप्रदेश, राजस्थान और गोवा में यह फिल्म रिलीज नहीं हो पाएगी। सिनेमाघर मालिकों के संगठन मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने इन राज्यों में फिल्म नहीं दिखाने का ऐलान किया है। फिल्म के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र में उग्र प्रदर्शन, आगजनी, तोड़फाेड़ और चक्काजाम हुए। करणी सेना ने गुरुवार को जनता कर्फ्यू बताया तो सरकार ने कहा कि स्कूल सहित सभी संस्थान खुले रहेंगे। भोपाल में शाम को उपद्रवियों ने एमपी नगर स्थित ज्योति टॉकीज में घुसकर पोस्टर फाड़े और आगजनी की। एक कार को आग के हवाले कर दिया। गुड़गांव में भीड़ ने दिल्ली-जयपुर हाईवे जाम कर एक बस फूंक दी। यूपी के मथुरा में ट्रेन रोकी गई, जबकि मेरठ में मॉल में तोड़फोड़ की गई। एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म से कुछ सीन हटाने की मांग भी की है, लेकिन कोर्ट ने इस पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। अब सोमवार को इस पर सुनवाई होगी। सिनेमा ऑर्नस एंड एक्जिबिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है।













