हैदराबाद , हैदराबाद के मूसापेट इलाके में एक सेल्स प्रमोटर लड़की की उसके ही रूम में हत्या कर दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का नाम अनंत बताया गया है। बताया जाता है कि उसने बी. जानकी नाम की इस लड़की के सामने शादी का प्रपोजल रखा था। लड़की के इनकार करने से वो नाराज था। जानकी की हत्या उसके ही रूम में की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात की है। लड़की हैदराबाद के मूसापेट इलाके के एक मकान में किराए से रहती थी। उसके साथ एक और लड़की भी रहती थी। मीडिया रिपोर्ट्स में मारी गई लड़की का नाम बोनू जानकी (23) बताया गया है। वो आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के राजम की रहने वाली थी और कुछ महीने पहले ही नौकरी की तलाश में हैदराबाद आई थी। जानकी यहां के एक सुपरमार्केट चेन में सेल्स प्रमोटर थी। आरोपी भी उसके साथ ही काम करता था। जानकी को जब हॉस्पिटल लाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।











