कानपुर. यहां के बरिपाल रेलवे क्रॉसिंग पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित ट्रक ने चार बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मामला सजेती थाना क्षेत्र के बरिपाल रेलवे क्रॉसिंग का है। यहां मंगलवार शाम 4 बजे के लगभग रेलवे फाटक बंद था और दोनों तरफ लोग गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फाटक खुला, एक ट्रक तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और तीन बाइक को टक्कर मार दी।वहीं, तीन बाइक पर सवार चार लोग ट्रक की चपेट में आ गए। इसमें फतेहपुर के अमौली के रहने वाले सिपाही राज कुमार शंखवार की मौके पर ही मौत हो गई, जो महोबा में तैनात थे। जबकि, सिटी 100 बाइक पर सवार 23 साल के युवक की भी मौके पर मौत हो गई। युवक अपने नालिहाल आया था और मामा की बाइक लेकर मेला देखने जा रहा था। दो सगे भाई अपाचे बाइक पर सवार थे, ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। उन्हें उपचार के लिए महोबा भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।













