ADVERTISEMENT
बीजिंग – शी चिनफिंग को अनश्चितकाल तक के लिए राष्ट्रपति पद पर बनाए रखने की चीन की चाल को लेकर पूरे देश्ा में बवाल मच गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसका विरोध कर रहे हैं और उत्तर कोरिया के शासन परंपरा से तुलना कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि हम भी उत्तर कोरिया की राह पर आगे बढ़ने लगे हैं। दरअसल, चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने राष्ट्रपति पद पर लगातार दो कार्यकाल की समयसीमा के संवैधानिक प्रावधान को खत्म करने का प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर चिनफिंग साल 2023 के बाद भी राष्ट्रपति पद पर बने रहेंगे। वह 2013 से चीन के राष्ट्रपति हैं। हालांकि इस प्रस्ताव को लेकर देश में बढ़ते विरोध के बीच चीन ने एक और चाल चल दी है। सोशल मीडिया पर लोगों के आर्टिकल को ब्लॉक करना शुरू कर दिया गया है और कम्युनिस्ट पार्टी की तारीफ में लेख प्रकाशित किया जाने लगा है।













