नई दिल्ली – देशभर में आज भी धूमधाम से महाशिवरात्रि का पर्व मना रहे हैं। शिवालयों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों को फूल-मालाओं से सजाया गया है। शिव भक्त मंदिरों में बेलपत्र और कच्चे दूध से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने सुबह से ही लाइन में लगे हुए है। महाशिवरात्रि को भगवान शिव की पूजा करने का सबसे बड़ा दिन माना जा रहा है। इस बार भोलनाथ की पूजा अर्चना करने का दो दिन अवसर मिला है। कई जगहों पर मंगलवार को भी महाशिवरात्रि मनाई गई, कई जगहों पर आज हर्षोल्लास के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है। दरअसल, 13 फरवरी को रात 10 बजकर 35 मिनट पर चतुर्दशी तिथि शुरू हो गई थी। वहीं 14 फरवरी की रात 12 बजकर 46 मिनट तक चतुर्दशी रहेगी। ऐसे में आज भी भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जा रहा है। दूध, दही, गुलाब जल, चंदन, शहद पानी जैसी विभिन्न सामग्रियों से शिवलिंग का जलाभिषेक हो रहा है।













