अबुजा – नाइजीरिया में इस सप्ताह के शुरुआत में हुए आतंकी हमले के बाद अब भी 46 छात्र लापता हैं। नाइजीरियाई सरकार के अनुसार, इसी सप्ताह के शुरुआत में नाइजीरिया के योब राज्य में बोको हराम के आतंकियों के द्वारा गर्ल्स कॉलेज को निशाना बनाया गया था। इसके पहले नाइजीरियन अधिकारियों ने योब के डाप्ची में स्थित सरकारी गर्ल्स टेक्निकल कॉलेज में जांच कर बताया था कि हमले के बाद 100 छात्र लापता हैं। राज्य सरकार ने अपने एक बयान में कहा था कि लगभग 28 छात्र मंगलवार को सुरक्षित घर पहुंच गए हैं जबकि 20 अन्य बुधवार को वापस लौटे। बताया जाता है कि वे हमले के बाद अपनी सुरक्षा के लिए वहां से भाग गए थे। योब के एजुकेशन कमिश्नर मोहम्मद लामिन ने बताया कि सरकार को उम्मीद है कि बाकी लड़कियां भी जल्द ही घर वापस आ जायेंगी। बता दें कि बोको हराम आतंकी समूहों ने सोमवार को योब के सभी गर्ल्स कॉलेजों में हमला बोला और खाने के सामानों को लूट कर ले गए।













