गोरखपुर: गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान एक किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया। इस सिलसिले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के सेमरा बुजुर्ग गांव में 17 वर्षीय लड़की मुम्बई में अपने चाचा के घर रहकर 9वीं कक्षा में पढ़ रही है। करीब 10 दिन पहले किशोरी गांव आई थी जहां गांव के ही राहुल, अमित और अर्जुन उसके साथ आते-जाते छेड़खानी करते थे।उन्होंने बताया कि लड़की के साथ गुरुवार को भी उन लोगों ने छेड़खानी की, जिसकी शिकायत पीड़िता की मां ने राहुल यादव के परिजनों से की। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना से क्षुब्ध होकर लड़की ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। छात्रा को मेडीकल कालेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार लड़की लगभग 50 प्रतिशत जली है।













