– सरकारी धान लेकर चावल नहीं लौटाने वाले मिल मालिकों से वसूली की तैयारी में जुटा विभाग
(सुभाष भारती): करोड़ों रुपयों के सरकारी चावल हड़पने वाले मालिकों की राइस मिलों के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दो राइस मिलों से 36 करोड़ 50 लाख रुपए वसूलने के लिए अधिकारी जय हनुमान राइस मिल व एसएसजी फूड्स की नीलामी करने पहुंचे। हालांकि कोर्ट का स्टे होने के कारण एक मिल की नीलामी नहीं हो सकी, जबकि दूसरी मिल का कोई खरीदार सामने नहीं आया। लिहाजा नीलामी करने आए अधिकारी बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गए।
सरकारी धान लेकर चावल नहीं लौटाने वाले डिफॉल्टर राइस मिल मालिकों से खाद्य आपूर्ति विभाग करोड़ों रुपए वसूलने की जुगत में लग गया है। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे तहसीलदार रमेश कुमार अरोड़ा, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एसओ राजेश वालिया, फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर राजेश कुमार, इंद्र सिंह संधू कैमला रोड स्थित जय हनुमान राइस मिल व एसएसजी फूड्स में पहुंचे। खाद्य आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एसएसजी फूड्स से करीब 20 करोड़ व जय हनुमान राइस मिल ने 16 करोड़ 50 लाख रिकवरी की जानी है। ये दोनों चावल मिल लगभग 27 एकड़ भूमि में लगी हुई हैं। नीलामी सूचना पर कुछ लोग मिल में पहुंचे लेकिन किसी भी व्यक्ति ने बोली में शामिल होने के लिए निर्धारित राशि जमा नहीं करवाई।
नहीं हुई मिलों की नीलामी, वापस लौट गई टीम
राइस मिलों की नीलामी करने पहुंचे अधिकारियों ने मिलों के दस्तावेजों को खंगाला, जिसके बाद मालूम हुआ कि एसएसजी फूड्स के खिलाफ कोर्ट में केस चल रहा है। कोर्ट का स्टे होने के कारण एसएसजी फूड्स की नीलामी रद्द करनी पड़ी। वहीं, जय हनुमान राइस मिल पर केनरा बैंक का करीब 14 करोड़ 25 लाख का लोन बकाया है और फूड्स सप्लाई विभाग ने 16 करोड़ 50 लाख की रिकवरी करनी है। नीलामी करने पहुंचे अधिकारियों ने जय हनुमान मिल के लिए करीब 31 करोड़ की राशि तय की, लेकिन इस कीमत पर कोई भी खरीदार बोली देने के लिए सामने नहीं आया। करीब तीन घंटे के इंतजार के बाद अधिकारियों की टीम बैरंग वापस लौट गई।
घरौंड़ा के तहसीलदार रमेश अरोड़ा अनुसार रिकवरी के लिए एसएसजी फूड्स व जय हनुमान राइस मिल की नीलामी होनी थी। कोर्ट स्टे के कारण एसएसजी फूड्स की बोली नहीं हो सकती। जय हनुमान राइस मिल खरीदने के लिए कोई सामने नहीं आया जिस कारण से दोबारा नीलामी की तारीख तय की जाएगी।

